हालत बिगड़ने पर हजारीबाग रेफर किया गया था, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
ग्लोबल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में छात्रा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
ग्लोबल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में छात्रा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
चतरा। पुराना पेट्रोल पंप निवासी सुधीर कुमार गुप्ता की 16 वर्षीय पुत्री की शुक्रवार को इलाज के दौरान ग्लोबल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।परिजनों के अनुसार, छात्रा को अचानक सिर में चक्कर आने और मुंह से झाग निकलने के बाद इलाज के लिए ग्लोबल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में सुई-दवा दिए जाने के बाद छात्रा की हालत और बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
परिजन छात्रा को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत अवस्था में पाया। सदर अस्पताल के डीएस मनीष कुमार ने बताया कि छात्रा को अस्पताल लाए जाने के समय ही उसकी मौत हो चुकी थी। उसके पास ग्लोबल मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का पुर्जा भी था।
घटना को लेकर परिजनों ने इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की प्रक्रिया जारी है।






