logo

मुंबई मेल में दबोचा गया शातिर चोर, मधुपुर स्टेशन पर 8 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर (देवघर) : मुंबई के पनवेल सिटी थाना क्षेत्र में एक घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा मधुपुर स्टेशन पर हुआ। मुंबई क्राइम ब्रांच की सूचना पर मधुपुर आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुंबई से आसनसोल जा रही मुंबई मेल से गिरिडीह निवासी विकास कुमार यादव को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के जेवर बेचकर लाए गए 8 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपी गिरिडीह जिले के अकदोनी खोर्द गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार पनवेल में दीवार काटकर घर में चोरी की गई थी। मोबाइल लोकेशन और कॉल डंप के आधार पर आरोपी की पहचान हुई और उसके मुंबई मेल से सफर करने की सूचना मिलने पर मधुपुर में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। मुंबई पुलिस की टीम मधुपुर पहुंचकर आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई,वही उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।