20वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर अंडर-14 बालक खो-खो चैंपियनशिप में भाग लेने देवघर टीम रामगढ़ के लिए रवाना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : 20वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर (अंडर-14) बालक खो-खो चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए देवघर जिला खो-खो टीम आज सुबह मधुपुर रेलवे स्टेशन से रामगढ़ के लिए रवाना हुई. टीम के साथ मुख्य कोच गौरव शर्मा, टीम मैनेजर शिवा हेम्ब्रम एवं टीम कप्तान निर्मल किस्कू अपने 15 खिलाड़ियों के दल के साथ प्रतियोगिता स्थल के लिए प्रस्थान किए. रवाना होने से पूर्व देवघर जिला खो-खो संघ के सचिव अंकित सिन्हा एवं मुख्य सहयोगी ऋतिक राज ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा टीम को शुभकामनाओं के साथ विदा किया. उन्होंने कहा कि आप सभी खिलाड़ी अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें. हमें विश्वास है कि देवघर की टीम राज्य स्तर पर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी. आप सभी पूरे जिले की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
वहीं मुख्य सहयोगी ऋतिक राज ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा आप सभी ने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है. पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरें और हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ दें. परिणाम चाहे जो भी हो, आपका संघर्ष और समर्पण ही आपकी सबसे बड़ी जीत होगी. हमें पूरा भरोसा है कि देवघर की टीम शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएगी.





