बच्चों की पढ़ाई से लेकर मिड-डे-मील तक, उपायुक्त ने स्कूल का किया निरीक्षण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय दुर्गास्थान, रसिकपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की सुरक्षा को लेकर लगाई गई तार की बाउंड्री का अवलोकन किया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कक्षा में बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली और विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन (मिड-डे-मील) की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों की जानकारी ली और निर्धारित मानक के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए और व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा की जाती रहे।






