BREAKING NEWS

logo

पोते के बाराती से वापस घर लौट रहे दादा सड़क दुर्घटना में घायल, अस्पताल में मौत,


• परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप.


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

सारठ (देवघर) : सारठ थाना क्षेत्र के परसबनी टोला में शादी की खुशियां एक पल में मातम में बदल गई। एक तरफ पौत्रवधु की डोली घर आई तो दूसरी तरफ दादा का शव। वहीं घटित घटना से घर व गांव की खुशियां मातम में बदल गई। बताया गया कि मृतक पोते के बारात में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में सड़क दुर्घटना हो गई। जिसमें मृतक दादा 65 वर्षीय केटकू महतो उर्फ केटकू पंडित समेत कई घायल हो गए थे। वहीं घटना के बाद सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान दादा की मौत हो गई। वहीं परिजनों ने मौत को लेकर चिकित्सक पर लापरवाही व सिस्टम  मे बदहाली की वजह से मौत होने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सारठ पंचायत के परसबनी टोला निवासी केटकु महतो उर्फ केटकू पंडित शुक्रवार की रात अपने पोता की शादी में बारात में गया था। रात्रि में शादी संपन्न होने के बाद केटकु अपने 10 परिजनों के साथ अहले सुबह ऑटो से वापस घर लौट रहा था। इसी बीच सारवां थाना क्षेत्र के जियाखड़ा के पास देवघर सारठ मुख्य पथ अज्ञात वाहन ने पीछे से ऑटो में टक्कर मार कर मौके से भाग निकला। वहीं टक्कर से ऑटो पलट गया और उसमें बैठे चार लोग घायल हो गए। परिजनों ने किसी तरह सभी घायलों को शनिवार सुबह करीब छह बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान केटकु महतो उर्फ केटकू पंडित की मौत हो गई। वहीं घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।
वहीं शव को गांव लाने की सूचना पर पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह पहुंचे तथा पीड़ित परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक के लापरवाही के चलते बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया कि अस्पताल मेंस्वास्थ्य कर्मियों ने परिजनों से सुई मंगाने के नाम पर अवैध वसूली भी किया। उन्होंने कहा हेमंत सरकार में सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार और लुट खसोट हो रही है। हर मोर्चे पर सरकार फेल है। स्वास्थ्य मंत्री बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन सच्चाई जनता के सामने है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि उन्हें हिट एंड रन के तहत मुआवजा के साथ-साथ अपने स्तर से भी सहयोग करेंगे। मृतक के पुत्र केदार पंडित, रमेश पंडित, परिजन मुसो पंडित समेत अन्य ने भी कहा कि चिकित्सक के लापरवाही से ही केटकू की मौत हो गई। 

पूर्व मंत्री ने सारठ सीओ केसीएस मुंडा, बीडीओ सीके सिंह, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह व नगर थाना प्रभारी से संपर्क कर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिया। वहीं घटित घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।