श्रावणी मेला- 2026 में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आईएमए और सिविल सर्जन के बीच बैठक
■ देवघर आईएमए ने प्रशासन को सहयोग का दिया भरोसा, आपातकालीन व्यवस्था पर हुई चर्चा
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : श्रावणी मेला- 2026 में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर रविवार, 19 जुलाई को शाम 5:30 बजे देवघर आईएमए के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे। उनके साथ आईएमए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. डी. तिवारी और देवघर आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एन. सी. गांधी ने सभी सदस्यों की ओर से मेले में प्रशासन को हर संभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मेले के दौरान मरीजों की बढ़ती संख्या, आपातकालीन चिकित्सा, एम्बुलेंस सेवा और शिविरों के संचालन को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। सिविल सर्जन ने कहा कि प्रशासन और आईएमए के संयुक्त प्रयास से ही श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा दी जा सकती है।
इस बैठक में मेला प्रभारी डॉ. कृष्णकांत के अलावा डॉ. गौरी शंकर, डॉ. चितरंजन कुमार पंकज, डॉ. अमित कुमार केशरी, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. चंद्रकांत, डॉ. अंबरीश ठाकुर, डॉ. कुमार गौरव सहित देवघर आईएमए के कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के अंत में देवघर आके सचिव डॉ. संजय कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि देवघर आईएमए श्रावणी मेला- 2026 में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा।




