सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में अंतर-सदन वाद-विवाद व भाषण प्रतियोगिता, एमरल्ड और रूबी हाउस रहे विजेता
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विद्यालय के लिटरेरी क्लब "श्रीजन" के तत्वावधान में अंतर-सदन (इंटर-हाउस) वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की वाकपटुता, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करना था वाद-विवाद प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विषय "क्या प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित कर देना चाहिए?" तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए "क्या विद्यालय में जंक फूड को पूरी तरह प्रतिबंधित कर देना चाहिए?" निर्धारित किया गया। चारों सदनों के प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने सटीक तथ्यों, तार्किक विश्लेषण और विरोधी पक्ष के तर्कों का प्रभावी खंडन कर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमरल्ड हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रूबी हाउस उपविजेता रहा वहीं, प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1 से 5) के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न प्रेरणादायक एवं सामाजिक विषयों पर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए। उनकी स्पष्ट वाणी, प्रभावशाली भाव-भंगिमा और मंच संचालन क्षमता की सभी ने सराहना की। इस प्रतियोगिता में रूबी हाउस ने प्रथम तथा टोपाज हाउस ने उपविजेता का स्थान हासिल किया समापन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के मानसिक विकास, मंच के डर को दूर करने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने किया।





