आस्था के सैलाब में सराबोर हुई खंडेश्वरी पूजा, आठ गांवों के श्रद्धालुओं ने की सामूहिक आराधना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
खंडोली गांव स्थित ऐतिहासिक मां खंडेश्वरी मंदिर में सोमवार को आयोजित वार्षिक पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र दिनभर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। आठ गांवों के श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मां की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वर्षों पुरानी परंपराओं का निर्वहन किया गया, वहीं ग्रामीणों ने पूजा स्थल तक बेहतर सुविधाएं और स्थायी सार्वजनिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग भी दोहराई।
पूजा के दौरान स्थानीय मुखिया राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बेंगाबाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा, जिससे पूजा एवं मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
स्थानीय परंपरा के अनुसार पूजा के अवसर पर बकरे की बलि भी दी गई। इस अवसर पर परवीन प्रसाद वर्मा, गोविंद यादव, गोपाल वर्मा, राजेंद्र ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, नवीन राज टाइगर सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। ग्रामीणों ने कहा कि मां खंडेश्वरी पूजा क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसे सुरक्षित एवं संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।




