जामताड़ा पुलिस के दो कर्मियों को मिली पदोन्नति, एसपी ने लगाया नया बैच।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के कार्यालय कक्ष में गुरुवार को पीपिंग सेरेमनी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक/पुलिस पदक से अलंकृत एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा पारी से बाहर अगली पंक्ति में प्रोन्नत जामताड़ा जिलाबल के पुअनि सुशील टूडू को पुलिस निरीक्षक की कोटि में तथा आरक्षी संख्या 1337 छोटेलाल कुमार को सहायक अवर निरीक्षक की कोटि में प्रोन्नति दी गई।
एसपी शंभु कुमार सिंह ने दोनों नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी को नए पद का बैच और स्टार लगाकर पीपिंग की। इसके बाद बुके देकर सम्मानित करते हुए उन्हें पदोन्नति की हार्दिक बधाई दी।
एसपी ने नव प्रोन्नत पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्पक्षता से निर्वहन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारी के रूप में न्याय की रक्षा, जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने दबाव और प्रलोभन से दूर रहकर हमेशा कानून के दायरे में कार्य करने का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री नीलम कुजूर, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र जामताड़ा अजीत कुमार चौबे सहित कार्यालय के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






