BREAKING NEWS

logo

ट्रैक्टर छोड़ने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप,


छतरपुर (पलामू): छतरपुर थाना क्षेत्र के लठेया ओपी में तैनात पुलिस पदाधिकारी पर ट्रैक्टर छोड़ने के नाम पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। बाघामाड़ा निवासी चनरधन यादव ने पुलिस अधीक्षक, पलामू को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 4 जुलाई को उनका ट्रैक्टर-ट्रेलर पकड़े जाने के बाद कार्रवाई का भय दिखाकर ₹70 हजार की वसूली की गई। शिकायत के अनुसार, ₹22 हजार नकद तथा ₹48 हजार फोन पे के माध्यम से लिए गए, जिसके ट्रांजेक्शन विवरण भी आवेदन के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवेदन प्राप्त होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। 
युवा एकता मंच, पलामू के जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रत्याशी संदीप कुमार ने कहा कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के कारण पुलिस की छवि प्रभावित होती है और आम लोगों का विश्वास कमजोर पड़ता है।
वहीं, लठेया पिकेट प्रभारी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह बालू कारोबारियों का आपसी विवाद ड्राइवर से है। लठेया पिकेट के किसी भी स्टाफ के द्वारा पैसा नहीं लिया गया है। 
उन्होंने यह भी बताया कि जिला में दिए गे आवेदन की जानकारी मिली है। गौरतलब है कि पलामू में बालू परिवहन को लेकर समय-समय पर प्रतिबंध और प्रशासनिक कार्रवाई होती रही है। इसके बावजूद अवैध बालू कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।