एसआईआर-2026 अभियान में शत-प्रतिशत काम करने वाले बीएलओ सम्मानित, प्रशस्ति-पत्र देकर की गई सराहना.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान- 2026 के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को सोमवार को सम्मानित किया गया।
15-देवघर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने शत-प्रतिशत इन्यूमिरेशन फॉर्म (ईएफ) का वितरण और डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसडीओ रवि कुमार ने बीएलओ की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि "निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शत-प्रतिशत फॉर्म का वितरण और समय पर डिजिटाइजेशन करना वाकई एक बड़ी उपलब्धि है।"
एसडीओ ने सभी निर्वाचन कर्मियों और बीएलओ से अपील की कि वे भविष्य में भी इसी तरह गुणवत्ता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करते रहें, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
सम्मान समारोह में निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।




