मधुपुर में एसआईआर-2026 को लेकर विशेष शिविर का आयोजन, 50 से अधिक लोगों के फॉर्म हुए ऑनलाइन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर के कुंडू बंगला रोड स्थित अग्रसेन भवन परिसर में मारवाड़ी समाज की ओर से एसआईआर फॉर्म भरने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने एसआईआर प्रपत्र भरवाए तथा आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें ऑनलाइन कराने की प्रक्रिया पूरी कराई. पूरे दिन चले इस शिविर में 50 से अधिक लोगों के एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन किए गए. शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, अंचल अधिकारी यामुन रविदास तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कु ने लोगों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. एसडीओ राजीव कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी पात्र मतदाताओं का समय पर एसआईआर फॉर्म भरना आवश्यक है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने-अपने बीएलओ के पास फॉर्म जमा करें, ताकि भविष्य में मतदान से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज करना है. उन्होंने बताया कि इस तरह के विशेष शिविरों का आयोजन लोगों को जागरूक करने और उन्हें एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रह जाए. शिविर के दौरान स्वयंसेवकों एवं नगर परिषद के कर्मियों ने लोगों को एसआईआर फॉर्म भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराने तथा ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया में सहयोग दिया. मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग समय रहते अपना एसआईआर कार्य पूरा कर सकें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और सभी नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय सहयोग देना चाहिए. उन्होंने कहा कि सही दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन करने से किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकता है. शिविर में समाजसेवी अनुप गुटगुटिया, कन्हैयालाल कन्नु, शिवकुमार मोदी बिनोद लक्षीरामका, महेश बथवाल, विवेक बथवाल, मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष शालिनी गुटगुटिया रीना खेड़िया, रीना शर्मा सहित नगर परिषद कर्मी रूपेश कुमार मोदी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।




