मधुपुर–सारठ मुख्य पथ पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर, रेफर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : मधुपुर - सारठ मुख्य पथ पर बारा गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पुलिस वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल, मधुपुर पहुंचाया। घायलों की पहचान गिरिडीह जिले के दांडीडीह निवासी मिठु कुमार तथा धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के मंझियाना निवासी दिनेश चोबे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मिठु कुमार अपनी बहन के घर जा रहे थे, जबकि दिनेश चोबे पथरोल स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान बारा गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।




