बिजली संकट से पढ़ाई, सिंचाई प्रभावित, ग्रामीणों ने 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की
पलामू :पीपरा प्रखंड क्षेत्र के तेंदुई पंचायत अंतर्गत पिंजरही गांव में एक माह से बिजली संकट बना हुआ है। गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब एक महीने पहले जल गया, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया है। इसके कारण ग्रामीण अंधेरी रात में रहने को मजबूर हैं। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और खेतों की पटवन में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में बिजली नहीं रहने से विषैले जीव-जंतुओं काटने का भी खतरा बना रहता है। अंधेरे में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को आवेदन देकर जले हुए 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की जरूरत के हिसाब से अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि भविष्य में बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से राहत मिल सके।
आवेदन देने वालों में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजन सिंह उर्फ भोलू बाबू, अजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, शिकेश्वर भुईयां, अखिलेश सिंह, रामप्यारी भुईयां, ललन ठाकुर, सिकंदर सिंह, अरुण सिंह, पवन सिंह, रामराज सिंह, अजीत सिंह, कुंदन ठाकुर, सुशील सिंह, जितेंद्र भुईयां, मनोज सिंह समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।






