प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की पहल की सराहना, आयुक्त कुमुद सहाय को सौंपा आभार-पत्र
स्वतंत्रता सेनानी यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष की विरासत को सम्मान दिलाने की पहल तेज
पलामू: जिले के दो महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान सभा के प्रमुख सदस्यों यदुवंश सहाय उर्फ ‘यदु बाबू’ और अमिय कुमार घोष उर्फ ‘गोपा बाबू’ की ऐतिहासिक विरासत को सार्वजनिक जीवन में सम्मानजनक स्थान दिलाने की पहल को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री केशव महतो कमलेश ने सराहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर हृदयानंद मिश्र ने बुधवार को पलामू प्रमंडल की आयुक्त कुमुद सहाय से उनके कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर 1 सितंबर 2026 को जारी आभार-पत्र सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र को आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से लिफाफे में बंद कर सौंपने का निर्देश दिया था।
इस दौरान आयुक्त कुमुद सहाय ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को सम्मान देना समाज और शासन दोनों की जिम्मेदारी है।
बताया गया कि हृदयानंद मिश्र के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष की स्मृति में सार्वजनिक स्थल पर प्रतिमा स्थापित करने तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक मार्गों अथवा सरकारी संस्थानों का नामकरण उनके नाम पर करने की मांग की थी। इस पर पलामू आयुक्त ने गंभीरता दिखाते हुए मेदिनीनगर नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसकी प्रतिलिपि उपायुक्त, पलामू को भी भेजी गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने आभार-पत्र में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को सार्वजनिक जीवन में चिरस्थायी बनाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि संविधान सभा के प्रमुख सदस्य भी थे।
इससे पूर्व केशव महतो कमलेश ने दूरभाष पर हृदयानंद मिश्र से बातचीत कर इस पहल के लिए उन्हें बधाई दी थी। हृदयानंद मिश्र ने कहा कि यदुवंश सहाय और अमिय कुमार घोष पलामू ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की राष्ट्रीय विरासत हैं। उनकी स्मृति को सार्वजनिक स्थलों, मार्गों और संस्थानों के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दया शंकर तिवारी उर्फ घुरा तिवारी, विधि विभाग के चेयरमैन अधिवक्ता अमित पांडेय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष औरंगजेब खान, राजीव गांधी विचार समिति महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रो. स्वाति सहाय, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शैलेश चंद्रवंशी, श्रीकांत, जिला कांग्रेस महासचिव जतरू उरांव, स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा और महिला कांग्रेस नेत्री सुमन तिर्की समेत अन्य उपस्थित रहे।






